spot_img
Uttarakhand hindi news uttarakhand ekta
Monday, July 13, 2026

रुड़की: दोस्तों के साथ दावत में गए युवक की गोली मारकर हत्या, तीन नामजद आरोपियों पर हत्या का मुकदमा

Must read

रुड़की। हरिद्वार जिले के नारसन क्षेत्र में दोस्तों के साथ दावत में गए एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। यह घटना शनिवार शाम बूढ़पुर जट स्थित एक ईंट भट्ठे के पास हुई। पुलिस ने तीन नामजद आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, मोहम्मदपुर जट निवासी सौरभ (22) अपने दोस्त सुमित के बुलावे पर दावत में गया था। उसके साथ डिंपल और आशीष भी मौजूद थे। सभी लोग ईंट भट्ठे के पास बैठे हुए थे।

परिजनों के मुताबिक, इसी दौरान सुमित लघुशंका का बहाना बनाकर वहां से चला गया। कुछ देर बाद अनुज, रॉबिन और प्रद्युम्न बाइक से मौके पर पहुंचे और गाली-गलौज शुरू कर दी। आरोप है कि विवाद के दौरान प्रद्युम्न ने देसी तमंचे से सौरभ पर गोली चला दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ा।

स्थानीय लोगों ने घायल सौरभ को तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां से उसकी गंभीर हालत को देखते हुए मुजफ्फरनगर रेफर किया गया। हालांकि, अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।

मृतक सौरभ का विवाह वर्ष 2021 में हुआ था और उसके दो छोटे बेटे हैं। वह मंडावली स्थित एक निजी कंपनी में कार्यरत था। घटना के बाद परिवार और गांव में शोक का माहौल है।

एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल ने बताया कि परिजनों की तहरीर के आधार पर तीन नामजद आरोपियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस हत्या के कारणों और पूरे घटनाक्रम की गहनता से जांच कर रही है।

- Advertisement -spot_img

More articles

- Advertisement -spot_img

Latest article