पुलिस मुठभेड़ में कुख्यात तस्कर गिरफ्तार
ऊधम सिंह नगर के रुद्रपुर में पुलिस ने लंबे समय से फरार चल रहे नशा तस्कर शाकिर अली उर्फ नकटा को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया। 27 मार्च की रात कुईखेड़ा मार्ग पर हुई कार्रवाई के दौरान आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे पुलिस अभिरक्षा में अस्पताल में भर्ती कराया गया।
परिवार को बनाया तस्करी का हिस्सा
जांच में सामने आया कि आरोपी शाकिर अली अपनी पत्नी शाहीन के साथ मिलकर नशे का अवैध कारोबार संचालित करता था। हैरानी की बात यह है कि उसने अपने नाबालिग बेटे को भी इस अपराध में धकेल दिया था और उसे स्मैक की सप्लाई का जिम्मा सौंप दिया था।
नाबालिग पर बनाया जाता था दबाव
पुलिस सूत्रों के अनुसार, बेटा इस अवैध काम को करने के लिए तैयार नहीं था, लेकिन आरोपी और उसकी पत्नी ने उस पर मानसिक और शारीरिक दबाव बनाकर जबरन तस्करी करवाई। पूछताछ में किशोर ने बताया कि वह पढ़ाई करना चाहता था, लेकिन माता-पिता ने उसे इस अपराध की राह पर धकेल दिया।
पहले भी हो चुकी है गिरफ्तारी
24 जनवरी 2026 को एसटीएफ की एंटी नारकोटिक्स टीम ने चेकिंग के दौरान नाबालिग को पकड़ा था। उसके पास स्कूटी में भारी मात्रा में स्मैक बरामद हुई थी। उसी दौरान इस पूरे नेटवर्क का खुलासा हुआ था।
आरोपी पर कई गंभीर मुकदमे दर्ज
एसएसपी अजय गणपति के अनुसार, शाकिर अली उर्फ नकटा के खिलाफ हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट और एनडीपीएस एक्ट सहित करीब 10 गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। उसकी पत्नी भी कई मामलों में शामिल रही है और दोनों के खिलाफ पहले गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की जा चुकी है।
जल्द होगी कोर्ट में पेशी
फिलहाल घायल आरोपी का अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस ने बताया कि स्वास्थ्य में सुधार होने के बाद उसे न्यायालय में पेश किया जाएगा।







