सितारगंज में लोडेड सरकारी राइफल लेकर प्रभारी कारापाल के आवास पहुंचा बंदीरक्षक, जान से मारने की धमकी देने का आरोप
Sanskriti
विशेष संवाददाता, Uttarakhan Ekta
सितारगंज। केंद्रीय कारागार सितारगंज में तैनात एक बंदीरक्षक पर लोडेड सरकारी राइफल लेकर ड्यूटी स्थल छोड़ने और प्रभारी कारापाल के आवास पर पहुंचकर जान से मारने की धमकी देने का गंभीर आरोप लगा है। मामले में प्रभारी कारापाल प्यारे लाल की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी बंदीरक्षक शुभम पांडेय के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की तीन धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शिकायत के अनुसार, बंदीरक्षक शुभम पांडेय लोडेड सरकारी राइफल लेकर प्रभारी कारापाल के आवास पर पहुंचा। आरोप है कि उसने आवास के दरवाजे पर जोर-जोर से प्रहार किया और प्रभारी कारापाल को बाहर निकालने का प्रयास करते हुए जान से मारने की धमकी दी। घटना से वहां तनाव की स्थिति पैदा हो गई।
आरोप है कि मौके पर पहुंचे जेल अधिकारियों और कर्मचारियों ने हस्तक्षेप कर बंदीरक्षक से सरकारी हथियार अलग करवाया। हालांकि, इसके बाद भी उसके द्वारा मारपीट का प्रयास किए जाने का आरोप है। शिकायत में यह भी कहा गया है कि पुलिस की मौजूदगी में भी बंदीरक्षक ने धमकियां दीं।
प्रभारी कारापाल की तहरीर के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। अब पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। मामले में लगाए गए आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।