उत्तराखंड की बेटी संध्या सिंह ने बढ़ाया प्रदेश का मान, लेफ्टिनेंट कर्नल बनकर रचा इतिहास
Sanskriti
विशेष संवाददाता, Uttarakhan Ekta
पिथौरागढ़: उत्तराखंड की बेटी संध्या सिंह ने अपनी उपलब्धि से प्रदेश का मान बढ़ाया है। उत्तराखंड 80वीं वाहिनी में प्रशासनिक अधिकारी के रूप में तैनात मेजर संध्या सिंह को पदोन्नति देकर लेफ्टिनेंट कर्नल बनाया गया है। इस उपलब्धि के साथ उन्होंने वाहिनी में प्रशासनिक अधिकारी के रूप में इस पद तक पहुंचने वाली पहली महिला सैन्य अधिकारी बनने का गौरव हासिल किया है।
बटालियन में आयोजित राष्ट्रीय रॉक क्लाइम्बिंग शिविर के दौरान संध्या सिंह को नए रैंक लगाए गए। इस अवसर पर कमांडिंग ऑफिसर लेफ्टिनेंट कर्नल देवेश सिंह ऐरी और सूबेदार मेजर ऑनरेरी लेफ्टिनेंट गंगा सिंह मौजूद रहे। दोनों अधिकारियों ने उन्हें नए रैंक प्रदान कर पदोन्नति की औपचारिकता पूरी की।
कमांडिंग ऑफिसर लेफ्टिनेंट कर्नल देवेश सिंह ऐरी ने संध्या सिंह को इस उपलब्धि पर बधाई दी। उन्होंने विश्वास जताया कि वह भविष्य में भी अपने दायित्वों का कुशलतापूर्वक निर्वहन करते हुए वाहिनी के कार्यों में महत्वपूर्ण योगदान देती रहेंगी।
वहीं, बटालियन के एनसीसी अधिकारी बीआर कोहली के अनुसार, संध्या सिंह 80वीं वाहिनी में प्रशासनिक अधिकारी के रूप में लेफ्टिनेंट कर्नल का पद हासिल करने वाली पहली महिला सैन्य अधिकारी हैं।
संध्या सिंह की यह उपलब्धि न केवल उनके व्यक्तिगत परिश्रम और समर्पण का परिणाम है, बल्कि सैन्य सेवाओं में महिलाओं की बढ़ती भागीदारी और नेतृत्व क्षमता को भी दर्शाती है। उनकी सफलता से उत्तराखंड की अन्य बेटियों को भी अपने सपनों को पूरा करने और देश की सेवा में आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी।