देहरादून | उत्तराखंड लोक सेवा आयोग (UKPSC) को करीब तीन वर्षों बाद नया स्थायी अध्यक्ष मिल गया है। राज्य सरकार ने सेवानिवृत्त लेफ्टिनेंट जनरल गजेंद्र जोशी को आयोग का अध्यक्ष नियुक्त किया है। साथ ही डॉ. हेमचंद्र पांडे को आयोग का नया सदस्य बनाया गया है। इस संबंध में शासन ने मंगलवार को नियुक्ति आदेश जारी किए।
जून 2023 से आयोग में स्थायी अध्यक्ष का पद रिक्त था, जिससे कई महत्वपूर्ण भर्ती प्रक्रियाओं और प्रशासनिक निर्णयों पर प्रभाव पड़ रहा था। लंबे समय से अध्यक्ष और सदस्यों के पद खाली होने के कारण आयोग की कार्यप्रणाली प्रभावित हो रही थी।
नवनियुक्त अध्यक्ष ले. जनरल गजेंद्र जोशी मूल रूप से उत्तराखंड के चंपावत जिले के लटोली गांव के निवासी हैं। भारतीय सेना में 38 वर्षों से अधिक की उत्कृष्ट सेवा देने के बाद वे 30 अप्रैल 2026 को सेवानिवृत्त हुए। अपने सैन्य करियर में उन्होंने स्ट्राइक-1 कोर के जनरल ऑफिसर कमांडिंग (GOC) और महू स्थित इन्फैंट्री स्कूल के कमांडेंट जैसे महत्वपूर्ण पदों पर सेवाएं दीं।
उन्होंने ऑपरेशन पवन (श्रीलंका), ऑपरेशन रक्षक (जम्मू-कश्मीर) तथा पूर्वोत्तर भारत में कई आतंकवाद विरोधी अभियानों का सफल नेतृत्व किया। उनकी उल्लेखनीय सेवाओं के लिए उन्हें परम विशिष्ट सेवा मेडल (PVSM), अति विशिष्ट सेवा मेडल (AVSM) और सेना मेडल (SM) से सम्मानित किया जा चुका है।
नई नियुक्ति के बाद उम्मीद जताई जा रही है कि उत्तराखंड लोक सेवा आयोग की लंबित भर्ती प्रक्रियाओं में तेजी आएगी और आयोग पहले की तुलना में अधिक प्रभावी ढंग से कार्य कर सकेगा।







