चमोली/देहरादून | बदरीनाथ मंदिर में चढ़ावे में कथित हेराफेरी के मामले की जांच के बीच बदरी-केदार मंदिर समिति (BKTC) ने बड़ा प्रशासनिक कदम उठाया है। दान गणना रजिस्टर में अनियमितताएं मिलने पर खजांची संदेश मेहता को उनके पद से हटाकर पूजा कार्यालय में तैनात कर दिया गया है। उनकी जगह केदार सिंह रावत को नया खजांची नियुक्त किया गया है।
मामले की जांच फिलहाल तीन स्तरों पर जारी है। बीकेटीसी की आंतरिक जांच समिति के अलावा पुलिस और शासन स्तर की उच्च स्तरीय समिति भी पूरे प्रकरण की जांच कर रही है।
मंगलवार को गढ़वाल मंडल आयुक्त आनंद स्वरूप की अध्यक्षता में गठित समिति बदरीनाथ धाम पहुंची। टीम ने दान गणना की पूरी प्रक्रिया, गणना कक्ष की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया और सीसीटीवी फुटेज की जांच कर हेराफेरी से जुड़े तथ्यों का परीक्षण किया।
बीकेटीसी के मुख्य कार्याधिकारी (CEO) सोहन सिंह रांगड़ ने पुष्टि करते हुए बताया कि दान गणना रजिस्टर में पाई गई कमियों के आधार पर खजांची को हटाने का निर्णय लिया गया है। वहीं, सूत्रों के अनुसार इस मामले में अन्य कर्मचारियों को भी जल्द कारण बताओ नोटिस जारी किए जा सकते हैं।
चढ़ावा हेराफेरी मामले को लेकर जांच लगातार तेज हो रही है और अधिकारियों का कहना है कि दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।







