बाजपुर पीजी कॉलेज में भूगोल, गृह विज्ञान, अर्थशास्त्र और शिक्षा शास्त्र जैसे नए विषयों की मंजूरी न मिलने के विरोध में छात्रों की भूख हड़ताल लगातार जारी है। अलग-अलग छात्र गुट कॉलेज गेट पर अनिश्चितकालीन अनशन पर बैठे हैं, जिससे अब उनकी सेहत पर भी असर दिखाई देने लगा है।
बुधवार को उप जिला चिकित्सालय की स्वास्थ्य टीम ने अनशन पर बैठे छात्रों का मेडिकल परीक्षण किया। जांच में छात्र उत्कर्ष सिंह का शुगर लेवल सामान्य से कम पाया गया, जिसके बाद डॉक्टरों ने तुरंत स्वास्थ्य सेवाएं लेने की सलाह दी। हालांकि, चिकित्सकों के समझाने के बावजूद छात्र अपनी मांगों पर अड़े रहे और अनशन जारी रखा।
इस आंदोलन का नेतृत्व छात्रसंघ अध्यक्ष महेंद्र बोरा कर रहे हैं। उनके साथ उत्कर्ष सिंह, अनुज, गुनगुन पवार, दीपक कुमार और शालिनी शर्मा भी धरने पर बैठे हैं। वहीं, मंगलवार को तबीयत बिगड़ने के कारण अस्पताल में भर्ती हुए छात्र रोहित भी स्वस्थ होने के बाद फिर से अनशन में शामिल हो गए।
छात्रों का आरोप है कि लंबे समय से नए विषयों की मांग करने के बावजूद कॉलेज प्रशासन और संबंधित विभाग उनकी समस्याओं की अनदेखी कर रहे हैं। इसे लेकर छात्रों ने कॉलेज परिसर में नारेबाजी करते हुए जल्द मंजूरी देने की मांग दोहराई।
#UdhamSinghNagar #Bajpur #PGCollege #StudentProtest #HungerStrike #UttarakhandNews #EducationNews #CollegeNews







