spot_img
Uttarakhand hindi news uttarakhand ekta
Thursday, July 9, 2026

उत्तराखंड में भारी बारिश का अलर्ट: दून-हरिद्वार में कल स्कूल बंद, नदियां खतरे के निशान के करीब

Must read

देहरादून: उत्तराखंड में मानसून ने रफ्तार पकड़ ली है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने प्रदेश के कई जिलों में भारी से अत्यंत भारी बारिश, आकाशीय बिजली और तेज बारिश की चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग के अलर्ट को देखते हुए राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र (एसईओसी) ने सभी जिलों को हाई अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए हैं।

दून और हरिद्वार में स्कूल बंद

लगातार बारिश और ऑरेंज अलर्ट को देखते हुए देहरादून और हरिद्वार के जिलाधिकारियों ने एहतियात के तौर पर कक्षा 1 से 12 तक के सभी सरकारी, निजी और सहायता प्राप्त विद्यालयों के साथ-साथ सभी आंगनबाड़ी केंद्रों को बंद रखने के आदेश जारी किए हैं।

प्रशासन को जारी किए गए विशेष निर्देश

राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र ने सभी जिलाधिकारियों को संवेदनशील क्षेत्रों की लगातार निगरानी, राहत एवं बचाव दलों को अलर्ट मोड पर रखने, आपदा प्रबंधन से जुड़े विभागों के बीच समन्वय बनाए रखने और सड़कों की स्थिति पर नजर रखने के निर्देश दिए हैं। किसी भी आपात स्थिति में तत्काल राहत कार्य शुरू करने के लिए सभी संबंधित एजेंसियों को तैयार रहने को कहा गया है।

आपदा प्रबंधन सचिव विनोद कुमार सुमन ने प्रदेशवासियों से मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करने और अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है।

प्रदेशभर में 70 सड़कें बंद

लगातार बारिश के कारण प्रदेश में चार राज्य मार्ग सहित कुल 70 सड़कें बंद हो गई हैं। सबसे अधिक देहरादून और पिथौरागढ़ जिलों में 14-14 मार्ग बंद हैं। इसके अलावा चमोली में 10, पौड़ी और टिहरी में 8-8, बागेश्वर में 6, रुद्रप्रयाग में 4 तथा चंपावत, अल्मोड़ा और नैनीताल में 2-2 सड़कें बंद हैं।

नदियों का जलस्तर बढ़ा, कई स्थानों पर खतरे के करीब

भारी बारिश के चलते प्रदेश की कई नदियों का जलस्तर तेजी से बढ़ा है।

  • बदरीनाथ में अलकनंदा नदी का जलस्तर खतरे के निशान के बेहद करीब पहुंच गया।
  • उत्तरकाशी में भागीरथी नदी का जलस्तर भी चेतावनी स्तर के नजदीक दर्ज किया गया, हालांकि बाद में इसमें कुछ कमी आई।
  • देवप्रयाग और कोटेश्वर क्षेत्र में भी नदी के जलस्तर पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।
  • नंदकेसरी और कर्णप्रयाग में पिंडर नदी का जलस्तर भी खतरे के स्तर के करीब पहुंचकर बाद में घटने लगा।
  • धारचूला में काली नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है और यहां अच्छी बारिश दर्ज की गई है।
  • पिथौरागढ़ में सरयू और जौलजीबी क्षेत्र की गोरी नदी का जलस्तर भी बढ़ रहा है।
  • वहीं हरिद्वार और ऋषिकेश में गंगा नदी के जलस्तर में फिलहाल कमी दर्ज की गई है।

प्रशासन ने लोगों से नदी-नालों के किनारे जाने से बचने, पहाड़ी क्षेत्रों में अनावश्यक यात्रा न करने और मौसम विभाग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।

- Advertisement -spot_img

More articles

- Advertisement -spot_img

Latest article