उत्तरकाशी। गंगोत्री हाईवे के रतूड़ीसेरा क्षेत्र में गुरुवार को ट्रीटमेंट और सुरक्षात्मक कार्य के दौरान बड़ा हादसा हो गया। पहाड़ी से अचानक गिरे बोल्डर की चपेट में आने से पश्चिम बंगाल निवासी मजदूर रोहन करीब 100 मीटर गहरी खाई में जा गिरा। गंभीर रूप से घायल मजदूर को प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर किया गया है।
जानकारी के मुताबिक, रतूड़ीसेरा में हाईवे पर काम के दौरान दोनों ओर यातायात रोका गया था। मजदूरों की एक टीम सड़क के ऊपर पहाड़ी के लटके हिस्से को हटाने का काम कर रही थी, जबकि दूसरी टीम सड़क के नीचे नदी की ओर सुरक्षात्मक जाल लगाने के लिए ड्रिलिंग कर रही थी।
इसी दौरान पहाड़ी से अचानक एक बोल्डर गिरा और नीचे काम कर रहा रोहन उसकी चपेट में आ गया। बोल्डर के साथ वह गहरी खाई में जा गिरा। मौके पर मौजूद अन्य मजदूरों ने तुरंत बचाव अभियान चलाया और रस्सियों की मदद से घायल को खाई से निकालकर सड़क तक पहुंचाया।
इसके बाद उसे जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया। बताया गया कि रेफर किए जाने के बाद एंबुलेंस के लिए भी कुछ समय इंतजार करना पड़ा।
घटना के बाद कार्यस्थल पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठे हैं। प्रत्यक्षदर्शियों ने आरोप लगाया कि बरसात के मौसम में काम के दौरान पर्याप्त सुरक्षा मानकों का पालन नहीं किया जा रहा और मजदूरों को हेलमेट व अन्य जरूरी सुरक्षा उपकरण उपलब्ध नहीं कराए गए हैं।
वहीं, बीआरओ कमांडर राजकिशोर के अनुसार घटना में एक मजदूर घायल हुआ है। उन्होंने कहा कि कार्यदायी संस्था को सुरक्षा मानकों का पालन करने के लिए लगातार निर्देश दिए जा रहे हैं।







