कल से 20 अक्टूबर तक खुटानी-धानाचूली मोटरमार्ग पांच घंटे बंद, जानें वैकल्पिक मार्ग
Sanskriti
विशेष संवाददाता, Uttarakhan Ekta
नैनीताल। यात्रियों के लिए जरूरी खबर है। खुटानी-धानाचूली मोटरमार्ग पर डामरीकरण और सुधारीकरण कार्य के चलते मंगलवार से 20 अक्टूबर तक प्रतिदिन पांच घंटे यातायात बंद रहेगा। मार्ग सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक वाहनों की आवाजाही के लिए बंद रहेगा।
लोक निर्माण विभाग (लोनिवि) की ओर से रानीबाग-भीमताल-खुटानी-धानाचूली-शहरफाटक-देवीधुरा मोटरमार्ग पर डामरीकरण एवं सुधारीकरण का कार्य शुरू किया जा रहा है। निर्माण कार्य को सुचारु रूप से पूरा कराने के लिए विभाग ने प्रशासन से निर्धारित समय में यातायात रोकने की अनुमति मांगी थी।
डीएम ललित मोहन रयाल ने विभाग के अनुरोध को मंजूरी दे दी है। इसके बाद मंगलवार से 20 अक्टूबर तक खुटानी-धानाचूली मार्ग पर रोजाना सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक वाहनों का संचालन बंद रहेगा।
लोहाघाट-देवीधुरा जाने वालों के लिए वैकल्पिक मार्ग
मार्ग बंद रहने के दौरान लोहाघाट और देवीधुरा की ओर जाने वाले यात्रियों को वैकल्पिक मार्ग का इस्तेमाल करना होगा। वाहन भवाली → रामगढ़ → भटेलिया → धानाचूली होते हुए आगे जा सकेंगे।
इस वैकल्पिक मार्ग से यात्रियों को करीब 40 किलोमीटर अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ेगी। ऐसे में यात्रियों से अपील है कि वे यात्रा पर निकलने से पहले मार्ग की स्थिति को ध्यान में रखते हुए समय की योजना बनाएं।
हालांकि, सोमवार को सैलानियों की सुविधा को देखते हुए मार्ग पर आवाजाही सामान्य रखी जाएगी। इसके बाद मंगलवार से निर्धारित समय के अनुसार यातायात बंद रहेगा और निर्माण कार्य किया जाएगा।