लखवाड़ बांध परियोजना में बड़ा हादसा टला, पहाड़ से गिरा मलबा; जेसीबी चालक ने कूदकर बचाई जान
UK News
विशेष संवाददाता, Uttarakhan Ekta
लखवाड़ बांध परियोजना में बड़ा हादसा टला, पहाड़ से गिरा मलबा; जेसीबी चालक ने कूदकर बचाई जान
देहरादून/विकासनगर: यमुना घाटी में निर्माणाधीन लखवाड़ बांध परियोजना स्थल पर तेज बारिश के बीच बड़ा हादसा होते-होते टल गया। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में पहाड़ से अचानक भारी मात्रा में मलबा गिरता दिखाई दे रहा है, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
वीडियो के अनुसार, परियोजना स्थल पर एक जेसीबी मशीन पहाड़ के बेहद करीब काम कर रही थी। इसी दौरान लगातार बारिश के कारण अचानक पहाड़ दरकने लगा। खतरे को भांपते हुए चालक ने पहले जेसीबी को पीछे हटाने की कोशिश की और फिर तुरंत वाहन से कूदकर अपनी जान बचा ली। कुछ ही क्षण बाद भारी मात्रा में मलबा नीचे आ गिरा।
इस घटना के बाद सोशल मीडिया पर लोगों ने सवाल उठाए हैं कि भारी बारिश और भूस्खलन के खतरे के बावजूद निर्माण कार्य क्यों जारी रखा गया। कई लोगों ने कार्यदायी एजेंसी की सुरक्षा व्यवस्थाओं और कार्यस्थल पर बरती गई सावधानियों पर भी सवाल खड़े किए हैं।
हालांकि, इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन यह हादसा पहाड़ी क्षेत्रों में मानसून के दौरान निर्माण कार्यों में सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन करने की आवश्यकता को एक बार फिर उजागर करता है