ऊधम सिंह नगर जिले के केलाखेड़ा क्षेत्र में शुक्रवार सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकली 70 वर्षीय बुजुर्ग महिला के साथ लूट की वारदात सामने आई। बदमाशों ने महिला के साथ मारपीट कर उनके कानों के कुंडल छीन लिए और घायल अवस्था में उन्हें खेत में छोड़कर फरार हो गए।
घटना केलाखेड़ा के निकटवर्ती गांव मझरा रहमतुल्लाह की है। काफी देर तक महिला के घर वापस नहीं लौटने पर परिजनों को चिंता हुई। इसके बाद उनका बेटा बाइक से उनकी तलाश में निकला।
तलाशी के दौरान सुनसान इलाके से आवाज सुनाई देने पर वह मौके पर पहुंचा, जहां उसकी मां एक खेत में घायल अवस्था में मिलीं। बेटे ने उन्हें सुरक्षित बाहर निकाला, जिसके बाद महिला ने पूरी घटना की जानकारी दी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल महिला से पूछताछ कर घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश की जा रही है.







