Uttarakhand Weather News: आज और कल भारी बारिश के आसार, बढ़ सकता है गदेरों का जलस्तर, यहां हो सकती है बर्फबारी
Uttarakhand Ekta
विशेष संवाददाता, Uttarakhan Ekta
उत्तराखंड में बीते कुछ दिनों से रुक-रुककर हो रही बारिश से भले ही मैदानी इलाकों में गर्मी से राहत मिली हो, लेकिन पहाड़ पर अब यह समस्या बनने लगी है। उधर, मौसम वैज्ञानिकों ने आज (बुधवार) और कल प्रदेश के कई इलाकों में तेज दौर की बारिश की संभावना जताई है। इससे गाड़-गदेरों का जलस्तर बढ़ सकता है।
मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह ने बताया कि आज (बुधवार) प्रदेश के अधिकतर हिस्साें में हल्की बारिश की संभावना है। जबकि पर्वतीय इलाकों में तेज दौर की बारिश और ओलावृष्टि के आसार हैं। इसका ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
दून में मंगलवार की शाम हुई झमाझम बारिश से मौसम सुहाना हो गया। हालांकि, इससे कई इलाकों में जलभराव होने से लोगों को परेशानी का भी सामना करना पड़ा। उधर, आज (बुधवार) भी मौसम बदला रहेगा। मंगलवार को सुबह मौसम खुला तो दिन के समय धूप खिलने से गर्मी का अहसास हुआ। हालांकि बीच-बीच में हवाओं के झोंकों ने तापमान को बढ़ने से रोके रखा।
वहीं, शाम को करीब एक घंटे तक हुई तेज बारिश से मौसम सुहाना हो गया। दून का अधिकतम तापमान सामान्य से एक डिग्री कमी के साथ 33.8 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। रात के न्यूनतम तापमान में भी सामान्य से एक डिग्री की कमी दर्ज की गई। ऐसा ही हाल प्रदेश के अन्य इलाकों का भी रहा। उधर, मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से जारी पूर्वानुमान के अनुसार सात मई को भी आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। साथ ही तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश के भी आसार हैं।